गुवाहाटी:असम में एक AI/संपादित वीडियो को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखा राजनीतिक टकराव देखने को मिल रहा है। असम बीजेपी के आधिकारिक एक्स हैंडल से साझा किए गए एक वीडियो में मुख्यमंत्री हिमन्त बिस्वा सरमा को ऐसे प्रतीकात्मक दृश्यों के साथ दिखाया गया, जिसे विपक्षी दलों, पत्रकारों और नागरिक समाज के कई लोगों ने आपत्तिजनक और समुदाय विशेष के प्रति उकसावे वाला बताते हुए कड़ी आलोचना की।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद विपक्ष ने सत्तारूढ़ दल पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और राजनीतिक लाभ के लिए डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। विपक्षी नेताओं ने इसे विभाजनकारी कंटेंट करार देते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की और कहा कि आधिकारिक हैंडल से साझा सामग्री की जिम्मेदारी सीधे पार्टी नेतृत्व पर आती है।
विवाद बढ़ने के बीच बीजेपी की असम इकाई ने संबंधित पोस्ट हटा दिया।
हालांकि पोस्ट हटाए जाने के बाद भी राजनीतिक बयानबाज़ी थमी नहीं है। विपक्ष कांग्रेस की ओर से प्रवक्ता सुप्रिया सुनेत्र ने इसे डैमेज कंट्रोल बताते हुए सवाल उठाया कि यदि सामग्री उचित थी तो हटाई क्यों गई, और यदि अनुचित थी तो उसे साझा क्यों किया गया।दूसरी ओर सत्तापक्ष के कुछ नेताओं का कहना है कि मुद्दे को अनावश्यक रूप से तूल दिया जा रहा है और सोशल मीडिया पर सामग्री के संदर्भ को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया।
