
सिंगोली। थाना क्षेत्र के ग्राम अनोपपुरा निवासी एक युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगोली थाना क्षेत्र के ग्राम अनोपपुरा में आसिफ पिता फरीद उम्र 22 वर्ष ने प्रेम प्रसंग के चलते शुक्रवार को अपने मूल गांव राजस्थान के तंबोलिया थाना भैंसरोडग़ढ़ में अपने रिश्तेदार के यहां शुक्रवार शाम करीब साढ़े 5 बजे जहरीला पदार्थ खा लिया जिसे परिजन इलाज के लिए सिंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए यहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टर ने उसे रेफर किया। बाद परिजन मरीज को चित्तौडग़ढ़ ले गए जहां इलाज के दौरान रात करीब साढ़े 9 बजे आसिफ की मौत हो गई।आसिफ की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों ने लडक़ी के परिवार वालो के खिलाफ अश्लील गालियां देकर जान से खत्म करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्रकरण दर्ज करने को लेकर पुलिस थाना सिंगोली पर जमकर हंगामा किया और थाने के बाहर बेगूं – सिंगोली मुख्य सडक़ मार्ग पर धरना प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। इस दौरान थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने आसिफ के परिजनों को काफी समझाइश दी लेकिन परिजन नहीं माने और रात 10 बजे से 12 बजे तक थाने के सामने धरना देकर बैठे रहे। इस पर थाना प्रभारी ने युवती के परिजनोंरुस्तम खां पिता मामूर खां, जमील पिता रुस्तम खां, रईस खा पिता रुस्तम खां के खिलाफ बीएनएस 296, 351(2), 3 (5) में प्रकरण दर्ज कर हिरासत में लिया और रास्ता खोलने की समझाइश दी लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर रास्ता खुलवाया। इस दौरान तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल, थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा, एस आई शाकिर मेव, ए एस आई केपी सिंह, प्रभारी राजस्व निरीक्षक प्रकाश शुक्ला एवं पुलिस बल मौजूद रहा।बताया जा रहा है कि युवक आसिफ और युवती दोनों ही 4 जनवरी की रात को कही चले गए थे जिसके बाद युवती के परिजनों ने दोनों की तलाश की नहीं मिलने पर युवती के परिजनों ने पुलिस थाना सिंगोली पर युवती के गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई। इस दौरान 6 जनवरी को दोनों ही युवक युवती पुलिस थाना सिंगोली पहुंचे जहां से युवती को समझाइश देकर पुलिस ने युवती को परिजनों के सुपुर्द किया। युवती से अलग होने और उसके परिजनों द्वारा गाली गलौच और जान से मारने की धमकी देने से क्षुब्ध होकर आसिफ ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
