
इंदौर। गौतमपुरा थाना क्षेत्र में 19 जनवरी को हुई एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मर्ग जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि महिला की मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि उसने ससुराल पक्ष की ओर से मिलने वाली असहनीय मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्मघाती कदम उठाया था। पुलिस ने इस मामले में मृतिका के पति, सास-ससुर, देवर और एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताड़ना का गंभीर अपराध दर्ज किया है।
पुलिस जांच में यह दर्दनाक सच्चाई सामने आई है कि मृतिका अरुणा को उसके ससुराल वाले लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे। करीब 7 महीने पहले घर के कामकाज की मामूली बात पर पति, सास, ससुर और देवर ने मिलकर अरुणा की बेरहमी से पिटाई की थी और उसे घर से बेदखल कर दिया था। इसके बाद अरुणा अपने पति उमेश के साथ गौतमपुरा में किराए के मकान में रहने लगी थी, लेकिन वहां भी उसके दुखों का अंत नहीं हुआ। सास-ससुर और देवर फोन के जरिए उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान करते रहते थे। इसके अलावा उमेश के परिवार का एक अन्य सदस्य महेश अक्सर घर आकर पति के साथ शराब पीता था और नशे में अरुणा को भद्दी गालियां देकर अपमानित करता था। अरुणा का पति भी शराब के नशे में उसके साथ आए दिन मारपीट करता था।
खुदकुशी से ठीक एक दिन पहले 18 जनवरी को अरुणा के पिता इंद्रसिंह ने उसे फोन किया था, तब अरुणा ने रोते हुए अपना सारा दर्द बयां किया था। उसने पिता को बताया था कि उसका पति और महेश अंकल घर में शराब पीकर उसे बुरी तरह प्रताड़ित कर रहे हैं। इसी मानसिक तनाव और लगातार हो रही बेइज्जती को अरुणा बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसी शाम उसने घर में रखा एसिड पी लिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी पति उमेश, ससुर पूनमचंद, सास कलाबाई, देवर राहुल और रिश्तेदार महेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
