
पिपरिया। नगर के समीप ग्राम झिरिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां लगभग 40 वर्षीय युवक पर बाघ ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बाघ युवक को करीब 100 मीटर तक जंगल की ओर घसीट ले गया और झाड़ियों में ले जाकर शिकार कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृतक की शिनाख्त कमल काकोडिया (39 वर्ष) पिता छन्नूलाल, निवासी झिरिया के रूप में की गई।
मृतक के भाई लालजी ने बताया कि कमल मिलिट्री मेस में खाना बनाने का काम करता था और हर 15 दिन में घर आता था। वह एक दिन पहले ही पचमढ़ी से झिरिया लौटा था। सुबह वन विभाग से उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में वन विभाग द्वारा फेंसिंग नहीं कराई जा रही, जबकि गांव जंगल से सटा हुआ है और जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
वन विभाग ने परिजनों को 25 हजार रुपये की अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान की है। शव का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया में किया जा रहा है। यह घटना झिरिया डेम मोहल्ला क्षेत्र में रात के समय हुई। सुबह करीब 8:30 बजे वन विभाग को सूचना मिली। मामला डोकरी खेड़ा बीट, बनखेड़ी रेंज के अंतर्गत बताया गया है।
