
इंदौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 14.06 ग्राम एमडी बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है.
एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि कार्रवाई एमआर-10 ब्रिज के नीचे, आईएसबीटी बस स्टैंड के सामने की गई, जहां दोनों आरोपी बिना नंबर की काली होंडा दोपहिया वाहन के साथ संदिग्ध हालत में खड़े थे. तलाशी के दौरान मादक पदार्थ वाहन की सीट में छुपाकर रखा मिला. गिरफ्तार आरोपियों में धीरप सिंह तंवर और लाल सिंह चौहान दोनों निवासी मंदसौर शामिल हैं. धीरप ने आठवीं तक और लाल सिंह ने सातवीं तक पढ़ाई की है तथा खेती-बाड़ी का काम करते हैं. पूछताछ में दोनों ने सस्ते में नशा खरीदकर इंदौर में महंगे दामों पर बेचने की बात कबूल की है. पुलिस ने आरोपियों से 14.06 ग्राम एमडी, एक दोपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जब्त माल की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये आंकी गई है. इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
