इंदौर:हीरानगर थाना क्षेत्र से रविवार रात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक जिम ट्रेनर हाथ में तलवार लेकर लोगों को धमकाता दिखाई दे रहा है. आरोप है कि उसने घर में घुसकर दो भाइयों पर हमला किया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, दूसरी ओर से भी मारपीट की गई.हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि श्याम नगर एनएक्स इलाके में तलवार लहराने की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है.
मुख्य आरोपी सूरज तिवारी पेशे से जिम ट्रेनर है. उस पर आरोप है कि उसने तलवार से अभिषेक चौहान और उसके भाई आकाश उर्फ अक्कू पर हमला किया. हमले में आकाश के हाथ में गंभीर चोट आई. थाना प्रभारी का कहना है कि घटना के समय दोनों पक्षों के युवक शराब के नशे में थे. रात में घूरने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई. विवाद के बाद सूरज अपने घर से तलवार लेकर आया और अभिषेक के घर में घुसकर हमला किया. पुलिस ने रात में ही सूरज तिवारी, आकाश उर्फ अक्कू और तरुण को हिरासत में लिया. वायरल वीडियो की जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है, मामले की जांच जारी है.
