34 लाख से लग रहे पेवर ब्लॉक, मुख्य बाजारों का बदलेगा स्वरूप: महापौर

जबलपुर। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सौंदर्यीकरण की दिशा में नगर निगम ने यातायात थाने से लेकर गंजीपुरा तक सड़क के दोनों किनारों पर 34 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया है। इस कार्य से क्षेत्र के व्यापारियों में हर्ष का माहौल है। सोमवार को पेवर ब्लॉक के कार्यो का महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू ने एम.आई.सी. सदस्य एवं लोकनिर्माण विभाग के प्रभारी विवेक राम सोनकर, एम.आई.सी. सदस्य सुभाष तिवारी, पूर्व पार्षद अमित जैन एवं कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, सहायक यंत्री आशीष पाटकर, उपयंत्री अंजली चौहान, सपन यादव, प्रवीण जैन, संदीप अग्रवाल, नीलेश, सुधांशू अग्रवाल आदि के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के अवसर पर उन्होंने बताया कि इस कार्य से सुन्दरता के साथ-साथ स्वच्छता और वायु गुणवत्ता में भी सुधार आयेगा। मौके पर उपस्थित कार्यपालन यंत्री और संबंधित अधिकारियों को महापौर ने निर्देशित किया कि निर्माण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठेकेदार को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

लंबे समय से हो रही थी समस्या

विदित हो कि पिछले लंबे समय से इन क्षेत्रों में सड़क किनारे कच्ची जगह होने के कारण व्यापारियों और ग्राहकों को धूल और जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता था। अब नगर निगम द्वारा पेवर ब्लॉक लगने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि दुकानों के सामने स्वच्छता भी बनी रहेगी। स्थानीय व्यापारियों ने नगर निगम के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इससे बाजार का लुक बदलेगा और व्यापार में भी सुगमता आएगी तथा धूल और कीचड़ से मुक्ति मिलेगी।

Next Post

मुख्य मार्ग-बाजार क्षेत्रों से हटाए गए अवैध कब्जे

Mon Feb 2 , 2026
जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश,अपर आयुक्त अरविंद शाह के मार्गदर्शन और अतिक्रमण प्रभारी मनीष कुमार तड़से के कुशल नेतृत्व में अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के […]

You May Like