
ब्यावरा। संत शिरोमणि रविदासजी महाराज की जयंती जिले भर में पूर्ण श्रद्धा, उत्साह के साथ मनाई गई. विशाल चल समारोह के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक आयोजन हुए.
नगर में विशाल चल समारोह निकाला गया. अहिरवार धर्मशाला से गाजे-बाजे, ध्वज पताकाओं के साथ चल समारोह प्रारंभ हुआ. सजे-धजे रथ में संत शिरोमणि रविदासजी महाराज का चित्र विराजमान था. प्रमुख मार्गो से होते हुए चल समारोह पुराना बस स्टेण्ड पहुंचा जहां डा. भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद वापस धर्मशाला पहुंचा जहां सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ प्रसादी वितरण हुआ.इस अवसर पर पूर्व पार्षद राजू वर्मा, देवेन्द्र वर्मा, सुनील वर्मा, मनोज सूर्यवंशी, राहुल वर्मा, राधेश्याम पटवारी, बाबूलाल, बिहारीलाल, मोहन वर्मा, लक्की सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु शामिल हुए.
जगह-जगह पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
खिलचीपुर में संत रविदास महाराज की जयंती अहिरवार समाज द्वारा धूमधाम से मनाई गई. अहिरवार समाज नव युवक समिति द्वारा कई दिन पूर्व से तैयारी की जा रही थी. रविवार प्रात: रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर महाआरती की गई. बड़ी संख्या में नगर सहित जिले के विभिन्न गांव, शहर और कस्बों से समाज बंधु शामिल हुए. चल समारोह रामदेव मंदिर परिसर से प्रारंभ हुआ, जो बस स्टैंड, इमली स्टैंड, मेन मार्केट, पटवा बाजार, सुभाष चौक, तोपखाना गेट, अम्बेडकर चौरहा, बिजासन माता मंदिर, बाबा रामदेव मन्दिर होते हुए धर्मशाला पहुंचा. जगह-जगह चल समारोह का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया. इसके पूर्व शनिवार की रात्रि धर्मशाला में भजन संध्या का आयोजन किया गया.