
ग्वालियर। ग्वालियर के गांवों में एक बार फिर से कूनो सेंचुरी से भागा चीता घुस गया है, जिससे लोगों में दहशत है। शाम के समय बरई पनिहार क्षेत्र के गाँव की सड़कें जल्द सुनसान होने लगी हैं।
कूनो नेशनल पार्क से भागे चीते को ग्वालियर का जंगल रास आ गया है। गांवों में जानवरों का शिकार कर चीता अपना पेट भर रहा है। सुबह चीता पहाड़ी के ऊपर से उतरकर नरेश पांडे के सरसों के खेत में पहुंच गया। यहां लोगों ने चीता देखा तो वे भयभीत हो गए। हालांकि चीता पर वन विभाग की स्पेशल टीम नजर रखे हुए है। अब वह रेल पटरी को पार कर बरई के जंगल में जा पहुंचा है। सरसों के खेत में बैठे चीता से शुरू में तो लोग भयभीत रहे। लेकिन फिर पास के खेतों में पहुंचकर मटर की तुड़ाई करते नजर आए। चीता ने शिवपुरी के जंगल से ग्वालियर वन मंडल में प्रवेश किया था। वह अभी तक हरसी, सियावली, आरोन, सिमरिया, पनिहार, लखनपुरा, चंदूपुरा से मुरैना के जंगल में पहुंचा। वहां से अब फिर ग्वालियर लौट आया है। अब बसौटा, राय का आश्रम, पनिहार और बरई में मौजूद है।
