सड़क किनारे टायर चेक कर रहे ड्राइवर को ट्रक ने रौंदा

गुना: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक ड्राइवर की जान चली गई। घटना शांति ढाबा के पास की है, जहां सड़क किनारे खड़े अपने कंटेनर के टायर चेक कर रहे चालक को एक अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के निवासी बृजेंद्र यादव उम्र 39 वर्ष पूना से माल भरकर फरीदाबाद की ओर जा रहे थे। रात करीब 10:30 बजे जब वे शांति ढाबा के समीप रुके और अपने कंटेनर के टायर चेक करने के लिए नीचे उतरे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद घायल बृजेंद्र को गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही परिजन रात में ही फिरोजाबाद से गुना के लिए रवाना हो गए थे। हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; सुबह करीब 5 बजे उपचार के दौरान बृजेंद्र यादव ने दम तोड़ दिया।

बृजेंद्र की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी अपने पति के शव को देखकर बेसुध हो गर्इं और बिलख-बिलख कर विलाप करने लगीं। बृजेंद्र अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे और पत्नी को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदारों ने बताया कि रात 12 बजे जैसे ही खबर मिली, वे पत्नी के साथ गुना के लिए निकल पड़े थे, लेकिन पहुँचने से पहले ही सब कुछ खत्म हो गया।

Next Post

घायल घोड़े से जबरन तांगा खिंचवाने का मामला: दो किलोमीटर पीछा कर बचाई जान

Mon Jan 19 , 2026
गुना: नगर में इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल तब देखने को मिली, जब एक गंभीर रूप से घायल घोड़े से जबरन तांगा खिंचवाया जा रहा था। दर्द से कराहता और कमजोरी के कारण लड़खड़ाता घोड़ा सड़क पर गिरने की कगार पर था, लेकिन तांगा संचालक का रवैया अमानवीय बना रहा। […]

You May Like