चिली के मध्य और दक्षिणी जंगलों में लगी भीषण आग ने 18 लोगों की जान ले ली, 50,000 से अधिक लोग बेघर हुए, सैकड़ों घर और हजारों एकड़ जंगल नष्ट हो गए।
चिली इस समय गंभीर प्राकृतिक आपदा की चपेट में है। अधिकारियों के अनुसार, मध्य और दक्षिणी चिली के जंगलों में लगी आग ने अब तक कम से कम 18 लोगों की जान ले ली है। इस आग ने हजारों एकड़ जंगल और सैकड़ों घर नष्ट कर दिए हैं। देश में भीषण लू और उच्च तापमान के चलते हालात और गंभीर बने हुए हैं।
चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने बायोबियो और नुब्ले क्षेत्रों में हालात को देखते हुए आपदा की स्थिति घोषित की है। बायोबियो क्षेत्र के कॉन्सेप्सियन शहर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। सरकारी प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 300 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि प्रभावित घरों की कुल संख्या एक हजार से अधिक हो सकती है।
