
ग्वालियर। ओएलएक्स पर सस्ते में यूज्ड आईफोन खरीदने का लालच एक युवक को भारी पड़ा। ठगों ने फर्जी आईडी बनाकर युवक से एक लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित युवक ने ओएलएक्स पर पोस्ट किए गए मोबाइल के वीडियो को देखकर विक्रेता से बातचीत की और फोन खरीदने की इच्छा जताई। सामने वाले ने अलग-अलग चार यूपीआई आईडी पर भुगतान करने को कहा। युवक ने भरोसा कर कुल एक लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
राशि भेजने के बाद जब युवक ने दोबारा चैट के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद आईडी भी डिलीट कर दी गई, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
यह घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम गली नंबर तीन की है। पीड़ित ने पहले साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद रात में महाराजपुरा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
