एक्शन में गुना नपा, सड़कों पर उतरीं प्रभारी सीएमओ, अतिक्रमण हटाया और लापरवाह कर्मचारियों का वेतन काटा

गुना:कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा एक दिन पहले निकाय प्रभारियों की बैठक लेकर सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने के संबंध में दिए गए कड़े निर्देशों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। कलेक्टर की हिदायत के बाद सबसे पहले गुना नगर पालिका हरकत में आई है।शुक्रवार तड़के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मंजुषा खत्री ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मोर्चा संभालते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रात: कालीन स्वच्छता निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सफाई योद्धाओं की उपस्थिति जांची, जिसमें ड्यूटी से नदारद पाए गए 6 महिला एवं पुरुष कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के सख्त निर्देश दिए गए।

सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के बाद प्रभारी सीएमओ का काफिला अतिक्रमण हटाने की दिशा में मुड़ा। नगर पालिका की टीम ने सदर बाजार, निचला बाजार और हाट रोड पर सघन अभियान चलाया। इस दौरान हाट रोड पर अनावश्यक रूप से जगह घेरकर खड़े किए गए हाथ ठेलों और अवैध गुमटियों को हटाकर नगर पालिका ने 7 ट्रॉली सामान जप्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान हाट रोड रपटे पर अवैध रूप से संचालित एक मीट विक्रेता की गुमटी को भी तत्काल मौके से हटवाया गया। सड़कों पर आवागमन में बाधा बन रही एक कार के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई, जिसमें सीएमओ के निर्देश पर कार की हवा निकालकर मालिक पर जुर्माना ठोंका गया।

पूरी कार्रवाई के दौरान लगभग 1000 रुपये के चालान भी बनाए गए। सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री ने अतिक्रमणकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में अतिक्रमण मिलने पर गुमटियों को सीधे नष्ट कर दिया जाएगा और भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा। गौरतलब है कि कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने गुरुवार को ही जिले की सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत निर्देश दिए थे, जिसके बाद नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण दस्ता प्रभारी अमित कुमार, शकील खान, बृजमोहन खरे, राजेश सिलवट सहित क्षेत्र के मेट और दरोगा मौजूद रहे

Next Post

लडख़ड़ाई पेयजल सप्लाई, मोहनपुरा फिल्टर प्लांट की मोटर फुंकी, आधे से अधिक नगर में पेयजल सप्लाई बाधित

Fri Jan 16 , 2026
राजगढ़: जिला मुख्यालय राजगढ़ में आधे से अधिक नगर में पेयजल सप्लाई लडख़ड़ा गई है, ऐसा मोहनपुरा फिल्टर प्लांट पर मौजूद विद्युत मोटर के फुंकने से हुआ है.गौरतलब है कि राजगढ़ नगर में दो स्थानों से पेयजल सप्लाई होती है एक पुराने फिल्टर प्लांट तथा एक मोहनपुरा स्थित नवीन फिल्टर […]

You May Like