रीवा: कलेक्टर ने एक बगिया माँ के नाम योजना के हितग्राही के खेत में जाकर फलोद्यान पौधारोपण का किया निरीक्षण, हितग्राहियों से संवाद किया.स्वसहायता समूह की महिला सदस्यों की स्वयं अथवा परिवार की एक एकड़ तक की भूमि में फलोद्यान विकास के उद्देश्य से एक बगिया माँ के नाम योजना संचालित है. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने रीवा जनपद के बिहरा गावं में स्वसहायता समूह की सदस्यों सरस्वती साकेत एवं कमला साकेत के खेत में पहुंचकर फलोद्यान पौधारोपण का निरीक्षण किया.
उन्होंने कहा कि यह योजना सीमित संसाधन से आय ले रहे हितग्राहियों के लिए लाभप्रद है. कलेक्टर ने हितग्राही से संवाद करते हुए फलोद्यान पौधारोपण के संबंध में जानकारी प्राप्त की. माया स्वसहायता समूह की सदस्य सरस्वती साकेत ने बताया कि आधा एकड़ जमीन में 50 आम के पेड़ लगाए गए हैं. जिनमें दशहरी, आम्रपाली तथा सुंदरजा आदि प्रजातियाँ शामिल हैं. उन्होंने बताया कि गेंहू की फसल के बगल में पौधे लगाए गए हैं. बड़े होने पर यह पौधे फल देंगे और जमीन में सब्जी एवं अन्य फसलों का उत्पादन मिलता रहेगा. जिला पंचायत सीईओ मौजूद रहे.
