कई वार्डों में नर्मदा पाइप लाइन तो है, पर पानी नहीं आता

इंदौर: शहर में दूषित पानी और जल संकट की समस्या गंभीर बनी हुई है, खासकर भागीरथपुरा जैसे इलाकों में, जहां हाल ही में दूषित पानी के कारण कई लोगों की मौतें और सैकड़ों लोग बीमार हुए हैं. नगर निगम ने इन समस्याओं के समाधान के लिए नई पाइपलाइन डालने और बुनियादी ढांचे को बदलने का काम शुरू कर दिया है, लेकिन कुछ जगहों पर अभी भी काम रुका हुआ है या चल रहा है. दूसरी ओर शहर में कई क्षेत्र ऐसे भी जहां कई वर्ष पूर्व पाइपलाइन तो डाल दी गई, लेकिन अभी तक जल सप्लाई शुरू नहीं की गई.

ऐसा ही एक क्षेत्र है फूटी कोठी अंतर्गत आने वाला वार्ड क्रमांक 85. वार्ड के कई हिस्सों में आज भी लोग पानी की किल्लत उठाते आ रहे हैं. क्षेत्र के कई पार्षद बदल गए, लेकिन समस्या का निराकरण अब तक नहीं हो पाया है. पानी की सबसे ज्यादा किल्लत वार्ड के प्रजापत नगर सी-सेक्टर राम मंदिर से सामने व्याप्त है. पूर्व पार्षद श्रीमती ज्योती तोमर के कार्यकाल में क्षेत्र में नर्मदा की लाईन डाली गई थी, लेकिन उसे चालू ही नहीं किया गया. उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद पार्टी ने अगले चुनाव में दूसरे उम्मीदवार राकेश जैन को चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन वह भी अब तक बंद पड़ी नर्मदा लाईन को शुरू नहीं करवा पाए और लोगों को पानी की सुविधा नहीं दे पाए. जबकि आसपास के क्षेत्रों में नर्मदा का पानी पहुंच रहा है. इसमें सवाल यह उठता है कि पानी के नाम पर लाखों रुपयों का बजट आखिरकार गया कहां और किसके द्वारा कहां-कहां खर्च कर दिया गया?

यह बोले रहवासी

नर्मदा लाईन से पानी नहीं आता और बोरिंग की लाईन कहीं डाली गई कहीं नहीं, हर रोज मैं दूर से पानी लाती हूं. मैंने कई बार निवेदन किया कि मुझे भी नर्मदा कनेक्शन दे दो, लेकिन कोई सुनता ही नहीं.
– लीला बाई

पूर्व पार्षद ने नर्मदा लाईन डलवाई थी, लेकिन आज तक उसमें पानी नहीं आया. आठ दिन में नगर निगम द्वारा पानी का टैंकर आता है, भला अब ऐसे में पानी की पूति कैसे हो सकती है.
– सुमित्रा बाई

कई साल हो गए राम मंदिर से आगे तक नर्मदा का पानी नहीं आता है. लोग पानी को लेकर परेशानी उठाते आ रहे हं.ै निगम अधिकारी तो दूर की बात क्षेत्र के पार्षद तक यहां नहीं आते.
– राधेश्याम बछानी

Next Post

जल संबंधी समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

Tue Jan 13 , 2026
इंदौर: राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में भी स्वच्छ जल अभियान प्रारंभ किया गया है इस अभियान के अंतर्गत 13 जनवरी से इंदौर जिले के इंदौर नगर निगम सहित अन्य सभी नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुनवाई के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस कार्यक्रम के माध्यम से […]

You May Like