प्री-बजट बैठक में उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने रखी मध्यप्रदेश की प्राथमिकताएं

मंदसौर। नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई प्री-बजट बैठक में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने प्रदेश की वित्तीय आवश्यकताओं और विकास प्राथमिकताओं को रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में मध्यप्रदेश पूरी क्षमता से योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने सिंहस्थ-2028 के भव्य आयोजन हेतु 20 हजार करोड़ रुपए के विशेष पैकेज का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क, घाट, पुल-पुलिया, ठहराव स्थल और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अधोसंरचना विकास के कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) की गणना 15वें वित्त आयोग के अनुसार मान्य करने और उसी आधार पर ऋण सीमा निर्धारण का अनुरोध किया। जीएसटी दरों के युक्ति-युक्तकरण से आम उपभोक्ताओं और अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव की सराहना करते हुए इसके लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।

उप मुख्यमंत्री ने पूंजीगत व्यय में वृद्धि की आवश्यकता बताते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में अधोसंरचना योजनाओं के लिए अधिक प्रावधान करने का अनुरोध किया। साथ ही विकसित भारत जी राम जी अधिनियम-2025 को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला बताते हुए इसका स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश केंद्र की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

Next Post

22 वर्षों बाद मां से मिला बेटा, एस.आई.आर. से चला पता बेटा है जीवित

Sat Jan 10 , 2026
मंदसौर। थाना प्रभारी नईआबादी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर निर्वाचन आयोग भारत सरकार द्वारा चलाये जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R) जिसका उद्देशय मतदाता सूची को अपडेट करना है जिसके फलस्वरूप पिछले 22 वर्षो से गुमशुदा विनोद पिता बालुराम गायरी उम्र 45 साल निवासी ढाकरिया मोहल्ला खिलचीपुरा मंदसौर द्वारा एसआईआर […]

You May Like