
इटारसी। अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण की चौथी वर्षगांठ के अवसर पर 22 जनवरी 2026 को इटारसी शहर में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर दादा दरबार धाम प्राचीन हनुमान मंदिर, भगत सिंह नगर में श्रीराम प्रभात फेरी मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
मंडल के प्रमुख सदस्य इंदर मेहरा ने बताया कि प्रभात फेरी का शुभारंभ ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4:30 बजे दादा दरबार धाम से होगा। यह यात्रा बजरंगपुरा, गांधीनगर, चामुंडा चौराहा होते हुए श्री द्वारिकाधीश मंदिर पहुंचेगी। वहां पूजा-अर्चना के पश्चात पोर्टर खोली हनुमान धाम और राज टॉकीज मार्ग से होते हुए पुनः दादा दरबार धाम पर समापन होगा।
प्रभात फेरी में शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों राम भक्त शामिल होंगे। यात्रा के दौरान भजन मंडलियों द्वारा राम भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। समापन अवसर पर महाआरती, हनुमान चालीसा पाठ, श्रीराम स्तुति तथा विशाल प्रसादी का वितरण किया जाएगा। बैठक में विभिन्न सदस्यों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी।
