
रीवा, रीवा शहर के प्रकाश चौराहे के समीप 2 नवंबर की रात कार के कुचलने से घायल बाराती की मौत हो गयी है. यहां एक तेज रफ्तार कार ने सडक़ से गुजर रही मुस्लिम समाज की बारात को रौंद दिया था. इस भीषण हादसे में घायल हुए 5 बारातियों में से एक युवक ने आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. मृतक की पहचान मोहम्मद अली पिता शब्बीर अली निवासी सेमरिया के रूप में हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार की रात बारात पूरे उत्साह के साथ सडक़ से गुजर रही थी. तभी अचानक एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार कार बारातियों को कुचलते हुए निकल गई. हादसा इतना भयानक था कि पल भर में शादी का जश्न चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया. कार की चपेट में आने से 5 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद गंभीर रूप से घायल मोहम्मद अली जिंदगी की जंग हार गए और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि कार चालक अत्यधिक नशे की हालत में था और शराब के नशे में धुत होने के कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा. फिलहाल घायल बाराती की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. वहीं स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी और वाहन की तलाश के साथ-साथ चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है.
