‘आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर’ के लक्ष्य को जल्द हासिल करें सुरक्षा एजेंसी: शाह

नयी दिल्ली 08 जनवरी (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों से ‘आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर’ के लक्ष्य को जल्द हासिल करने के लिए कार्य करने को कहा है।

श्री शाह ने गुरुवार को यहां जम्मू-कश्मीर पर एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों को चौकसी बरतने का निर्देश दिया और तालमेल के साथ काम करते हुए अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद हासिल हुई उपलब्धियों को बरकरार रखने और ‘आतंक मुक्त जम्मू-कश्मीर’ के लक्ष्य को जल्द प्राप्त करने के लिए कार्य करने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस प्रयास में सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

श्री शाह ने कहा कि सरकार, जम्मू और कश्मीर में चिरस्थायी शांति स्थापित करने और आतंकवाद का पूरी तरह सफाया करने के लिए कटिबद्ध है। आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए, श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार के निरंतर और समन्वित प्रयासों के कारण जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद का इकोसिस्टम ध्वस्त हो गया है।

गृह मंत्री ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सुरक्षा एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आतंकवादी ढांचे और आतंकवादियों की फंडिंग को टारगेट करके आतंक रोधी अभियानों को मिशन मोड में जारी रखा जाना चाहिए।

बैठक में जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा, केन्द्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (आईबी) के निदेशक, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुख तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

Next Post

आर्थिक विकास बनाम पर्यावरण संरक्षण: अयोध्या बायपास मामले में वृक्ष कटाई पर राष्ट्रीय नीति तय करेगी एनजीटी

Thu Jan 8 , 2026
भोपाल। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की मध्य क्षेत्र न्यायपीठ, भोपाल ने भोपाल के अयोध्या बायपास परियोजना से जुड़े मामले नितिन सक्सेना बनाम एनएचएआई (ओए 100/2025) में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय पारित किया है। अधिकरण ने स्पष्ट किया कि आर्थिक विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई […]

You May Like