दिग्गज कंपनियों में बिकवाली से लुढ़के प्रमुख सूचकांक

मुंबई, 07 जनवरी (वार्ता) विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को दिग्गज कंपनियों में बिकवाली देखी गयी और प्रमुख सूचकांक लगातार तीसरे दिन लाल निशान में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 102.20 अंक (0.12 प्रतिशत) टूटकर 84,961.14 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 37.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत उतरकर 26,140.75 अंक पर रहा।
दोनों प्रमुख सूचकांकों में आज बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया। मंगलवार को 85,063.34 अंक पर बंद होने वाला सेंसेक्स करीब 443 अंक की गिरावट में खुला। यह नीचे 84,617.49 अंक और ऊपर 85,075.99 अंक तक गया। निफ्टी-50 का दिन का निचला स्तर 26,067.90 अंक और अधिकतम स्तर 26,187.15 अंक रहा।

प्रमुख सूचकांकों के विपरीत मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों ने पैसा लगाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.36 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.39 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
आईटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, स्वास्थ्य, फार्मा, दूरसंचार और रसायन सेक्टरों के सूचकांकों में तेजी रही। ऑटो, तेल एवं गैस, रियलिटी और बैंकिंग सेक्टर गिरावट में रहे। सेंसेक्स में मारुति सुजुकी का शेयर पौने तीन फीसदी टूट गया। पावरग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनीलिवर, भारतीय स्टेट बैंक और भारती एयरटेल के शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा टूटे। महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, इंडिगो, बजाज फिनसर्व, अडानी पोर्ट्स, एनटीपीसी और आईटीसी के शेयर भी लाल निशान में रहे।

टाइटन में करीब चार प्रतिशत की तेजी रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर दो प्रतिशत चढ़ा। टेक महिंद्रा, इंफोसिस, सनफार्मा, टीसीएस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में बंद हुए। इटरनल, एलएंडटी, बीईएल और ट्रेंट के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए।
वैश्विक स्तर पर एशियाई और यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख है।

Next Post

सैफ पुरुष और महिला फुटसल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीमों की घोषणा

Wed Jan 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 जनवरी (वार्ता) सैफ फुटसल चैंपियनशिप 2026 और सैफ महिला फुटसल चैंपियनशिप 2026 के लिए भारत की टीमों की घोषणा कर दी गई है। दोनों टूर्नामेंट इस महीने के आखिर में थाईलैंड के नोंथाबुरी में एक साथ होंगे। फुटसल टाइगर्स और फुटसल टाइग्रेस, दोनों में 14-14 खिलाड़ी हैं, […]

You May Like

Play sound