लायन नाम से कोकीन का चल रहा था खेल, क्राइम ब्रांच ने जिम ट्रेनर को दबोचा 

इंदौर. शहर में नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है. एमपी टूरिज्म के पास 12 पत्थर आम रोड क्षेत्र से कोकीन तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को लायन नाम से पहचान दिलाकर कोकीन का अवैध कारोबार चला रहा था. उसके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो लाख रुपए कीमत की 10 ग्राम कोकीन जब्त की है.

डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अशद शेख खजराना थाना क्षेत्र का रहने वाला है. वह पेशे से जिम ट्रेनर है और 12वीं तक पढ़ा लिखा है. रात क्राइम ब्रांच की टीम संदिग्धों की तलाशी कर रही थी. इसी दौरान एमपी टूरिज्म के पास अंधेरे में बिना नंबर प्लेट की सफेद स्कूटर के साथ खड़े एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. पुलिस को देखते ही वह घबरा गया, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे रोका. नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम अशद शेख बताया. टीम ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 10 ग्राम अवैध मादक पदार्थ कोकीन बरामद हुआ. मौके से बिना नंबर प्लेट की सफेद स्कूटर और एक आईफोन मोबाइल भी जब्त किया. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के लिए सस्ते में मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में कोकीन बेचता था. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. क्राइम ब्रांच अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को कोकीन की सप्लाई कहां से होती थी और शहर में उसका नेटवर्क कितना फैला हुआ है.

Next Post

भगीरथपुरा के मरीजों के इलाज का हिसाब किया तलब, निजी अस्पतालों को नोटिस

Wed Jan 7 , 2026
इंदौर. भगीरथपुरा में प्रदूषित पेयजल से फैली बीमारी के बाद अब इलाज के खर्च को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. मरीजों को भर्ती कर उपचार करने वाले शहर के 35 से अधिक निजी अस्पतालों से हेल्थ विभाग ने इलाज का पूरा हिसाब किताब मांगा है. प्रशासन का […]

You May Like

Play sound