चाइनीज मांझा : कार से पकड़ी बड़ी खेप, एक दुकान भी सील

इंदौर: शहर में मानव जीवन और पशु पक्षियों के लिए खतरा बन चुके प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ इंदौर पुलिस का अभियान लगातार जारी है. जूनी इंदौर और द्वारकापुरी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चाइनीज मांझा जब्त कर दो आरोपियों को पकड़ा है. एक आरोपी को कार से मांझे की तस्करी करते पकड़ा, जबकि दूसरे को दुकान से चाइनीज मांझा बेचते हुए गिरफ्तार कर उसकी दुकान सील कर दी गई.

डीसीपी जोन 4 आनंद कलादगी ने बताया कि जूनी इंदौर पुलिस खातीवाला टैंक मेन रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक ईको स्पोर्ट्स कार को रोका. तलाशी लेने पर कार में 8 बोरे प्रतिबंधित चाइनीज मांझा मिला. मौके से आरोपी रवि राजानी, उम्र 28 वर्ष, निवासी शाजापुर, हाल मुकाम खातीवाला टैंक इंदौर को गिरफ्तार किया. आरोपी के कब्जे से करीब 33 हजार 680 रुपये कीमत का चाइनीज मांझा जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.

इधर, द्वारकापुरी पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए इलाके में चाइनीज मांझा बेच रहे एक दुकानदार को पकड़ा. आरोपी सचिन सावला, उम्र 45 वर्ष, निवासी द्वारकापुरी इंदौर के कब्जे से चाइनीज मांझा के 5 चरखे जब्त किए गए. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. भविष्य में दोबारा बिक्री न हो, इसके लिए पुलिस ने आरोपी की दुकान को सील कर दिया. डीसीपी का कहना है कि दोनों आरोपियों से चाइनीज मांझा कहां से खरीदा और इसकी सप्लाई किन किन इलाकों में की जा रही थी, इस संबंध में पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

नानी से बिछड़ी 7 साल की बच्ची को चंद घंटों में पुलिस ने खोजा

Wed Jan 7 , 2026
इंदौर: भीड़भाड़ वाले रानीपुरा इलाके में नानी से बिछड़ गई 7 साल की मासूम बच्ची को इंदौर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत महज कुछ घंटों में सुरक्षित खोज निकाला. बच्ची को उसके पिता और मामा को सौंप दिया. इससे परिवार के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई.पंढरीनाथ थाना […]

You May Like