जबलपुर: जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी पर निगरानी की जिम्मेदारी कोटवारों को भी दी गई है। कोटवार खरीदी केंद्रों की गतिविधियों की वीडियोग्राफी करेंगे और किसी भी तरह की संदिग्ध या अवैधानिक गतिविधि दिखाई देने पर उसकी जानकारी तत्काल संबंधित अनुविभागीय राजस्व अधिकारी और थाना प्रभारी को देंगे।
जिला आपूर्ति नियंत्रक प्रमोद कुमार मिश्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार धान उपार्जन केंद्रों की निगरानी के लिये प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर दिन में दो और रात में चार कोटवारों की ड्यूटी लगाई गई है। कोटवार उपार्जन केंद्रों में उपस्थित रहकर वीडियो ग्राफी का कार्य करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बिचौलिया उपार्जन व्यवस्था का अनुचित लाभ नहीं ले सके। जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि कोटवारों द्वारा उपार्जन केन्द्र में धान लाने वाले प्रत्येेक किसान की फोटो भी ली जाएगी।
