सतना: मैहर जिले के रामनगर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खोमरहा में शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति का शव बांस के झुरमुट में फांसी के फंदे पर लटके पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान खोमरहा निवासी राजबहोर साकेत उर्फ बुल्लू पिता रामावतार साकेत उम्र 35 वर्ष के तौर पर हुई.
मृतक के चाचा राजकुमार साकेत को शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे उनके चचेरे भाई सुखलाल साकेत के मोबाइल फोन से इस घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण पहले से ही जमा थे। मौके पर राजबहोर का शव नायलॉन की रस्सी से बांस के पेड़ पर लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बताया गया कि मृतक शराब पीने का आदी था। हालांकि, उसने फांसी क्यों लगाई, इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई।
पुलिस की जांच जारी
रामनगर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों, दोनों पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है।
