एक दिन की तकनीकी चूक, लेकिन खतरे में निगरानी, जवाबदेही और कानूनी रिकॉर्ड

इंदौर:जिस डिजिटल सिस्टम को पुलिस की रीढ़ बताया जाता है, वही सिस्टम एक झटके में ढह गया. सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी खराबी के चलते आज पुलिस का सबसे अहम दस्तावेज दैनिक स्थिति प्रतिवेदन (डीएसआर) तैयार ही नहीं हो सका. यह महज तकनीकी दिक्कत नहीं, बल्कि पुलिस की डिजिटल निर्भरता और कमजोर बैकअप व्यवस्था की गंभीर पोल खोलने वाला मामला है.

पुलिस की वेबसाइड पर दी गई अधिकृत जानकारी दी गई हैं कि पुलिस द्वारा उपयोग किए जाने वाले सेंट्रलाइज्ड सॉफ्टवेयर में सर्वर रिस्पॉन्स फेल होने और डेटा सिंकिंग में गड़बड़ी के चलते डीएसआर जनरेट नहीं हो पाया. न तो थानों से पूरा डेटा अपलोड हो सका और न ही उच्च अधिकारियों के डैशबोर्ड पर कोई अपडेट पहुंचा. नतीजा यह रहा कि पूरे दिन की अपराध, कार्रवाई, गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था की स्थिति कागजों में ही अटक गई. ज्ञात हो कि डीएसआर पुलिस के लिए सिर्फ एक रिपोर्ट नहीं, बल्कि प्रशासनिक, कानूनी और रणनीतिक दस्तावेज होता है.

इसी के आधार पर आईजी, डीआईजी, पुलिस कमिश्नर और एसपी जिले की स्थिति की समीक्षा करते हैं. डीएसआर नहीं बनने से वरिष्ठ अधिकारी अंधेरे में रहे और फील्ड की वास्तविक तस्वीर उन तक नहीं पहुंच सकी. सबसे बड़ा खतरा भविष्य को लेकर है. डीएसआर कोर्ट में पेश होने वाले रिकॉर्ड, विभागीय जांच और जवाबदेही तय करने का आधार होता है. यदि किसी मामले में बाद में सवाल उठे और उस दिन का डीएसआर उपलब्ध न हो, तो पुलिस के पास अपना पक्ष रखने के लिए ठोस दस्तावेज ही नहीं रहेगा. यही नहीं, अपराध के आंकड़ों में गैप आने से क्राइम ट्रेंड एनालिसिस, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और फोर्स डिप्लॉयमेंट की प्लानिंग भी प्रभावित हो सकती है.

डिजिटल पुलिसिंग के इस दौर में सॉफ्टवेयर का फेल होना यह भी दर्शाता है कि वैकल्पिक मैनुअल सिस्टम या रियल-टाइम बैकअप की व्यवस्था या तो कमजोर है या मौजूद ही नहीं. विशेषज्ञों का कहना है कि एक दिन का डेटा मिस होना भविष्य में बड़े प्रशासनिक विवाद और कानूनी उलझनों की वजह बन सकता है. इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि हाईटेक पुलिसिंग के दावों के बीच सिस्टम की एक तकनीकी खामी पूरी व्यवस्था को ठप कर सकती है. अब सवाल यह है कि क्या पुलिस विभाग इस चूक से सबक लेकर मजबूत तकनीकी बैकअप और वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करेगा, या अगली बार फिर सिस्टम क्रैश होने का इंतजार किया जाएगा.

Next Post

  खेत के कुएं में मिला लापता किसान का शव

Fri Jan 2 , 2026
सतना : खेत में पानी लगाने की बात कहकर घर से निकले किसान का शव दो दिन बाद कुएं में मिलने से उचेहरा क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवीनगर गांव में […]

You May Like