मंदसौर: शहर कोतवाली पुलिस ने दिनदहाड़े अपहरण किए गए एक वर्षीय बालक को राजस्थान के मेड़ता शहर (जिला नागौर) से सकुशल बरामद कर प्रकरण के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई थाना कोतवाली एवं थाना सुवासरा पुलिस के संयुक्त प्रयासों से की गई।पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 14 दिसंबर 2025 को जीवागंज क्षेत्र मंदसौर से आरोपियों द्वारा खिलाने एवं मंदिर दर्शन के बहाने बालक को ले जाकर अपहरण किया गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल जांच प्रारंभ की गई।जांच के दौरान पुलिस टीम को राजस्थान रवाना किया गया, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुखबिर तंत्र सक्रिय कर बालक को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कराया गया तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों में रवि सूर्यवंशी (24) निवासी जोडनी थाना गरोठ, ईश्वर सूर्यवंशी (25) निवासी केसरपुरा थाना सुवासरा एवं पायल (22) निवासी केसरपुरा शामिल हैं। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना कोतवाली एवं सुवासरा पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।
