
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भोपाल–इंदौर में प्रस्तावित मेट्रोपोलिटन क्षेत्र, आसपास के इलाकों और प्रमुख राजमार्गों में सड़क घनत्व बढ़ाया जाए। राजमार्गों का घनत्व राष्ट्रीय मानकों तक पहुँचाने के लिए एक विस्तृत विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने शहरी विकास विभाग की एकीकृत नीति में लोकनिर्माण विभाग (PWD) को शामिल करने पर जोर दिया ताकि विकास कार्यों में समन्वय बढ़ सके। मुख्यमंत्री ने अधोसंरचना विकास के दौरान पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही और ग्रीन बिल्डिंग संकल्पना पर काम आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही, राज्य में अधिक एक्सप्रेस वे विकसित करने की आवश्यकता भी रेखांकित की।
