योगी गुरुवार से करेंगे ‘जनता दर्शन’

लखनऊ, 5 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार से एक बार फिर जनता दर्शन कार्यक्रम के जरिये जनता की समस्यायें सुनेंगे।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार योगी आदित्यनाथ प्रतिदिन सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और निराकरण के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देशित भी करेंगे। इस पहल से प्रदेश की जनता को अपनी समस्याओं को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाने का अवसर प्राप्त होगा और साथ ही उसका तत्काल निराकरण भी संभव हो सकेगा।

गौरतलब है कि दो माह पूर्व आचार संहिता लगने से पहले तक सीएम योगी तकरीबन प्रतिदिन अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आमजन से मुलाकात करते रहे हैं। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए लोग सीएम से मिलकर उन्हें अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते रहे हैं। मुख्यमंत्री भी एक-एक कर प्रत्येक व्यक्ति से उनकी समस्याएं सुनते हैं और तत्काल प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों को जनता की समस्याओं के निराकरण के निर्देश भी देते रहे हैं।

योगी के सामने आने वाली ज्यादातर समस्याओं में जमीन संबंधित विवाद और स्वास्थ्य संबंधित खर्च के अनुरोध रहते हैं। इसके अलावा पारिवारिक विवाद और थाने व तहसील से संबंधित विवादों में भी जनता मुख्यमंत्री से गुहार लगाती है। हालांकि प्रदेश और जिले के अधिकारियों संग बैठकों के दौरान सीएम योगी ने पहले ही स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं कि थानों और तहसीलों की साप्ताहिक समीक्षा जिलास्तर के वरिष्ठ अधिकारी करें, किसी भी फरियादी के साथ अशोभनीय व्यवहार नहीं होना चाहिए और उसकी समस्या का तत्काल यथोचित निराकरण जिलास्तर पर ही होना चाहिए। इसके अलावा जिले की समीक्षा मंडल स्तर और मंडल की समीक्षा लखनऊ मुख्यालय से प्रतिमाह होनी चाहिए।

Next Post

राशिफल-पंचांग : 06 जून 2024

Thu Jun 6 , 2024
पंचांग 06 जून 2024:- रा.मि. 16 संवत् 2081 ज्येष्ठ कृष्ण अमावस्या गुरूवासरे शाम 5/34, रोहिणी नक्षत्रे रात 8/23, धृति योगे रात 10/41, चतुष्पद करणे सू.उ. 5/14 सू.अ. 6/46, चन्द्रचार वृषभ, पर्व- स्नानदान श्राद्ध अमावस्या, शु.रा. 2,4,5,8,9,12 अ.रा. 3,6,7,10,11,1 शुभांक- 4,6,0. ————————————————– आज जिनका जन्म दिन है- गुरूवार 06 जून 2024 […]

You May Like