.
छतरपुर। घुवारा तहसील क्षेत्र के ग्राम बमनोरा कलां में बीती रात एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब कथित तौर पर बिहारी-जू मंदिर की भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। यह कार्रवाई प्रशासन के उस आदेश के बावजूद की गई, जिसमें तहसीलदार द्वारा इस भूमि पर किसी भी निर्माण या स्थापना पर स्थगन आदेश जारी किया गया था।
प्रतिमा लगाए जाने की खबर फैलते ही क्षेत्र में हिन्दू संगठनों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव पैदा हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे वातावरण संवेदनशील हो गया। हालात बिगड़ने से पहले ही प्रशासन हरकत में आया और बड़ामलहरा अनुभाग के सभी थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात कर दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीएम और एसडीओपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि मामला जांचाधीन है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंदिर की भूमि को लेकर यह विवाद काफी समय से चल रहा था। प्रतिमा स्थापना के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है, जिसके चलते गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
