वियतनाम में चक्रवाती तूफान के कारण 51 लोगों की मौत

हनोई, 03 अक्टूबर (वार्ता) वियतनाम में चक्रवाती तूफान बुआलोई और उसके बाद आई बाढ़ और भूस्खलन से उत्तरी और मध्य वियतनाम में 51 लोगों की मौत हो गयी और 14 अन्य लापता हो गए तथा 164 घायल हुए हैं।
वियतनाम आपदा एवं डाइक प्रबंधन प्राधिकरण ने शुक्रवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। प्राधिकरण के मुताबिक शुरूआती तौर पर आर्थिक नुकसान लगभग 15.9 ट्रिलियन वियतनामी डोंग (लगभग 60.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर) होने का अनुमान है। तूफान के कारण 238,000 से अधिक घर क्षतिग्रस्त या जलमग्न हुए हैं, लगभग 89,000 हेक्टेयर में फैसरा धान और अन्य फसलें जलमग्न हो गयी हैं और 17,000 हेक्टेयर से अधिक जलीय कृषि और लगभग 50,300 हेक्टेयर जंगलों को नुकसान पहुँचाया।
रिपोर्ट के अनुसार, तूफान के कारण बुनियादी ढांचे को भी काफी नुकसान पहुंचा है। देश में 8,800 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए और लगभग 468,500 घरों में अभी भी बिजली नहीं है, जबकि लगभग 1,500 स्कूल क्षतिग्रस्त हुए हैं। स्थानीय अधिकारी राहत कार्य जारी रखे हुए हैं, अवरुद्ध सड़कों को साफ करने, आवश्यक सेवाओं को बहाल करने और प्रभावित समुदायों की सहायता के लिए उपकरण जुटा रहे हैं।
इस बीच, वियतनाम समाचार एजेंसी ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह ने गुरुवार को आपातकालीन राहत के वास्ते 15 प्रभावित इलाकों के लिए केंद्रीय बजट रिजर्व से 2.524 ट्रिलियन वियतनामी डोंग (लगभग 9.65 करोड डॉलर) के सहायता पैकेज को मंजूरी दी।

Next Post

फिलीपींस में भूकंप से मरने की संख्या 68 हुई

Fri Oct 3 , 2025
मनिला, 03 अक्टूबर (वार्ता) फिलीपींस में आये शक्तिशाली भूकंप में मरने वालों की संख्या 68 तक पहुंच गयी और घायलों की संख्या बढ़कर 559 पहुंच गयी है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन परिषद (एनडीआरआरएमसी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एनडीआरआरएमसी की कार्यान्वयन शाखा, नागरिक सुरक्षा कार्यालय (ओसीडी) ने […]

You May Like