छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे में 18 श्रमिकों की मौत, चार घायल

कवर्धा 20 मई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास सोमवार को पिकअप वाहन पलटने से 18 आदिवासी श्रमिकों की मौत हो गयी तथा चार अन्य घायल हो गये।
इसबीच राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

बताया जाता है कि सभी आदिवासी श्रमिक तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गये थे, वहां से लौटते वक्त पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गयी और गहरी खाई में जा गिरी।

इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गयी और चार मजदूर घायल हो गये।
यह दुर्घटना कुकदूर थाना के बाहपाली गांव के पास हुई।

कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल के लिये रवाना कर दी गयी।

इस बीच मुख्यमंत्री साय ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

श्री साय ने एक्स पर लिखा है कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास पिकअप पलटने से 18 ग्रामीणों के निधन एवं चार के घायल होने का दुःखद समाचार प्राप्त होने पर दुख हो रहा है।
घायलों के बेहतर इलाज के आवश्यक निर्देश ज़िला प्रशासन को दिए गए है।

उन्होंने कहा कि ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ।
घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।

इस घटना में मृतकों के नाम इस प्रकार हैं:1. मिला बाई (48) पति बंजारी, 2. टीकू बाई (40) पति गुलाब सिंह, 3. सिरदारी (45) पुत्र सिलाब गोंड, 4. जनिया बाई (35) पति जनऊ गोंड, 5. मुंगिया बाई (60) पति बजरू मरावी, 6. झंगलो बाई (62) पति धनीराम, 7. सिया बाई (50) पति तिरीत गोंड, 8. किरण (15) पिता शिवनाथ, 9. पटोरिन बाई (35) पति दयाराम गोंड, 10. धनैया बाई (48) पति सिरदारी गोंड, 11. शांति बाई (35) पति शिवनाथ,12. प्यारी बाई (40) पति फूलचंद, 13. सोनम बाई (16) पिता फूलचंद, 14. विस्मत बाई (45), 15. लीला बाई (35) पति मानसिंह, 16. परसदिया बाई (30) पति रामचंद्र, 17. भारती (13) पिता मानसिंह एवं 18. सुन्ती बाई (45) पति मदन सिंह (सभी अनुसूचित जनजाति से संबद्ध थे)।

Next Post

बंगाल में अपराह्न तीन बजे तक 62.72 प्रतिशत मतदान

Mon May 20 , 2024
कोलकाता, 20 मई (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्य रूप से औद्योगिक क्षेत्र वाली सात लोकसभा सीटों के लिए पांचवें चरण के चुनाव में सोमवार को अपराह्न तीन बजे तक 1.25 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से करीब 62.72 प्रतिशत ने वोट डाला। आज बोनगांव में 61.83 प्रतिशत, बैरकपुर में 55.34 […]

You May Like