नयी दिल्ली,19 जुलाई (वार्ता)दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को कहा कि दिल्ली की हरियाली और साफ़ हवा लौटाने की जिम्मेदारी सभी की है।
मुख्य न्यायाधीश भूषण रामकृष्ण गवई आज सुप्रीम कोर्ट के 20 जजों के साथ दिल्ली सरकार के वन महोत्सव 2025 के तहत पीबीजी ग्राउंड, दिल्ली रिज क्षेत्र में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके साथ दिल्ली के पर्यावरण मंत्री भी मौजूद थे।
इस मौके पर मुख्य न्यायाधीश ने दिल्ली सरकार के प्रदूषण को लेकर युधस्तर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “अक्टूबर आते ही सबको चिंता होने लगती है। विकास ज़रूरी है, लेकिन हमें यह भी समझना होगा कि यह किस कीमत पर हो रहा है। जंगल हमारी धरोहर हैं।ये सिर्फ हमारे नहीं, आने वाली पीढ़ियों के भी हैं। ये दिल्ली में प्रदूषण को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी हमेशा सतत विकास की बात की है और दिल्ली में प्रदूषण को लेकर कई अहम सुझाव दिए हैं।”
श्री सिरसा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मुख्य न्यायाधीश और जजों की मौजूदगी यह संदेश देती है कि दिल्ली की हरियाली और साफ़ हवा लौटाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।”

