लीमा में भूकंप से एक व्यक्ति की मौत

लीमा 16 जून (वार्ता) पेरू की राजधानी लीमा में रविवार को आए भूकंप से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गए।

राष्ट्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र (सीओईएन) ने इसकी पुष्टि की है। केन्द्र ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 11:35 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.1 मापी गयी एवं यह 49 किलोमीटर की गहराई पर था तथा इसका केंद्र कैलाओ के पड़ोसी प्रांत में था।

निजी समाचार नेटवर्क रेडियो प्रोग्रामस डेल पेरू ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पहचान 36 वर्षीय मोटरसाइकिल टैक्सी चालक के रूप में की जो एक इमारत की चौथी मंजिल से गिरे ढांचे की चपेट में आ गया। वह एक घर के बाहर यात्री का इंतजार कर रहा था।

लीमा में क्षेत्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र (सीओईआर) ने राजधानी के सभी 43 जिलों से संपर्क किया, जिन्होंने तटीय क्षेत्र में चट्टानों पर मध्यम भूस्खलन की सूचना दी।

इस बीच ऊर्जा और खान मंत्रालय की आर्थिक संचालन समिति ने विला एल साल्वाडोर, वेंटनिला, एंकॉन और पचाकामैक जिलों में बिजली कटौती की सूचना दी।

पेरू के राष्ट्रपति दीना बोलुआर्ट ने स्थिति का आकलन करने के लिए चोरिलोस जिले में सीओईएन के मुख्यालय का दौरा किया और जनता से संयम बरतने का आह्वान किया।

 

Next Post

आंदोलन की चेतावनी: मूंग खरीदी नीति पर एकजुट हुए किसान संगठन

Mon Jun 16 , 2025
नर्मदापुरम। शहर के एक निजी गार्डन में सभी किसान संगठनों की बैठक आयोजित की गई । राष्ट्रीय मजदूर किसान महासंघ के आव्हान पर संयोजक जितेंद्र भार्गव के मार्गदर्शन में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें मूंग खरीदी की स्पष्ट नीति सहित प्रति हेक्टेयर 15 कुंटल खरीदी सहित अन्य विषयों पर […]

You May Like

Play sound