फिक्की ने पहलगाम आतंकवादी हमले पर दुख जताया, पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (वार्ता) देश के प्रमुख उद्योगमंडल फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को मूर्खतापूर्ण कृत्य बताते हुए इसकी निंदा की है और इस हमले में लोगों के हताहत होने पर गहरा दुख और पीड़ा व्यक्त की है।

संगठन ने इसे राष्ट्रीय त्रासदी बताते हुए संकट की इस घड़ी में देशवासियों और सरकार के साथ एकजुटता प्रदर्शित की है।

फिक्की के अध्यक्ष हर्षवर्धन अग्रवाल ने बुधवार को जारी संवेदना संदेश में मंगलवार के जघन्य हमले में हताहत लोगों के परिवारों के प्रति संगठन की ओर से हार्दिक संवेदना व्यक्त की है। संगठन ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

श्री अग्रवाल ने बयान में कहा, “हम इस भयावह हमले से बहुत स्तब्ध और दुखी हैं, जिसने पूरे भारत में कई परिवारों को अथाह पीड़ा पहुँचाई है। इस संकट और दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ पीड़ितों और उनके प्रियजनों के साथ हैं। राष्ट्रीय त्रासदी की इस घड़ी में पूरा देश केंद्र और राज्य सरकारों और अन्य लोगों के साथ एकजुट है।”

फिक्की के अध्यक्ष ने कहा, “हिंसा के लिए हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है, तथा केवल सामूहिक संकल्प के माध्यम से ही हम अपने देश की शांति और सुरक्षा के लिए ऐसी चुनौतियों पर विजय प्राप्त कर सकते हैं।”

पहलगाम के पर्यटन स्थल पर आतंकवादी हमले की देश विदेश में निंदा हो रही है। हमले में अब तक 28 लोगों की मौत हुई है तथा कई लोग घायल हैं।

 

 

Next Post

घरेलू म्यूचुअल फंड उद्योग का एएयूएम सालाना आधार पर 21.32 फीसदी बढ़ा : इक्रा

Wed Apr 23 , 2025
कोलकाता, 23 अप्रैल (वार्ता) घरेलू म्यूचुअल फंड उद्योग की औसत प्रबंधनाधीन संपत्ति (एएयूएम) ने मार्च 2025 को समाप्त अवधि में सालाना आधार पर 21.32 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है, जबकि मासिक आधार पर इसमें 1.25 प्रतिशत की गिरावट आई है। इक्रा एनालिटिक्स लिमिटेड की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, […]

You May Like

Play sound