मुंबई, 13 अप्रैल (वार्ता) विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति, स्वर्ण भंडार, विशेष आहरण अधिकार और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि में जबरदस्त बढ़ोतरी होने से 04 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10.9 अरब डॉलर उछलकर 676.3 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
इसी तरह इसके पिछले सप्ताह देश का विदेशी मुद्रा भंडार 6.6 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 665.4 अरब डॉलर पर रहा था।
रिजर्व बैंक की ओर से जारी साप्ताहिक आंकड़े के अनुसार, 04 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 9.1 अरब डॉलर की मजबूती के साथ 574.1 अरब डॉलर पर पहुंच गई। इसी तरह इस अवधि में स्वर्ण भंडार 1.6 अरब डॉलर उछलकर 79.4 अरब डॉलर हो गया।
आलोच्य सप्ताह विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 18.6 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी लेकर 18.4 अरब डॉलर हो गया। इस अवधि में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास आरक्षित निधि 4.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.5 अरब डॉलर पर पहुंच गई।
