खरगोन, 14 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की बड़वाह पुलिस ने मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के अवैध परिवहन को लेकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
जारी विज्ञप्ति के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर आज जयंती माता रोड से लगे जंगल के रास्ते में दुपहिया वाहन सवार दो लोगों को रोका गया। इनमें से एक व्यक्ति भागने में सफल हो गया। मौके पर पकड़े गए शेख इकबाल के पास से करीब दो लाख रु मूल्य की 20.30 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई। उसके विरुद्ध बड़वाह में पूर्व से एक अपराध दर्ज है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मौके से भागे व्यक्ति का नाम अकरम है, जो शेख इकबाल का साला है। उन्होंने बताया कि उक्त ब्राउन शुगर उन्होंने इंदौर क्षेत्र के एक व्यक्ति से खरीदी थी, और क्षेत्र में लोगों को बेचने जा रहे थे।
आरोपी को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम भेजी गई है।

