
सतना /भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने जीवन का बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृति में 30 जनवरी को प्रातः 11 बजे सभी शासकीय कार्यालयों में 2 मिनिट का मौन रखा जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्ष, संभागीय आयुक्त और समस्त कलेक्टरों को इस आशय के निर्देश जारी किए हैं। शहीद दिवस को सम्पूर्ण गरिमा के साथ मनाने की अपेक्षा की गयी है। इस दिन को व्यापक रूप से आम जनता की भागीदारी से मनाए जाने के लिए प्रातः 11 बजे प्रदेश में कार्य और अन्य गतिविधियाँ रोककर दो मिनिट का मौन रखा जाए। जहां कहीं संभव हो, दो मिनट के मौन की अवधि शुरू होने तथा समाप्त होने की सूचना सायरन बजाकर या आर्मी गन से दी जायेंगी। सायरन 10ः59 बजे से 11 बजे तक बजाए जाने चाहिए और दो मिनट के बाद 11ः02 बजे से 11ः03 बजे तक पुनः क्लियर सायरन बजाए जाने चाहिए। जहां सायरन उपलब्ध हो वहां यह कार्यविधि अपनाई जाए। सिग्नल (जहां उपलब्ध हो), के अनुसार सभी व्यक्ति खडे हो जाएं और मौन धारण करें। सभी शैक्षणिक संस्थाओं और सार्वजनिक उपक्रमों में शहीद दिवस को पूरी गंम्भीरता के साथ मनाया जाये। स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय एकता के बारे में वार्ताएं और भाषण आयोजित किए जाने के भी निर्देश दिये गये हैं।
