विपक्ष का एकमात्र एजेंडा भाजपा हटाना: राजनाथ

बीकानेर/झुंझुनूं 07 अप्रैल (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश में विपक्ष का एकमात्र एजेंडा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हटाना है और इसके लिए वह निम्नतम स्तर पर जाने के लिए तैयार है।

श्री सिंह रविवार को बीकानेर एवं झुंझुनूं में लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हर रोज घोटाले ही घोटाले होते थे लेकिन एक दशक के कार्यकाल के बाद भी भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में भारत का रक्षा निर्यात मात्र 600 करोड़ रुपए था जो वर्ष 2024 में भाजपा शासन में 21 हजार करोड़ रुपए के पार चला गया है।

विपक्ष का एकमात्र एजेंडा भाजपा हटाना है और इसके लिए वह निम्नतम स्तर पर जाने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ट्रैक रिकॉर्ड शानदार है क्योंकि भाजपा जनता को जनार्दन मानती है, परन्तु कांग्रेस परिवार को जनार्दन मानती है। श्री सिंह ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचारी और परिवारवादी पार्टी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास की बुलंदियों को छू रहा है और भाजपा का संकल्प देश को उन्नति की नई ऊंचाईयों पर पहुंचाना है। उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील करते हुए देश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में राजस्थान की कानून व्यवस्था चरमरा गई थी लेकिन मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा की प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था को ठीक करने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं, जो अत्यन्त सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री ने यह पहल की है कि ‘एक देश में एक ही चुनाव’ होना चाहिए, जिसके तहत लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ तथा नगरपालिका, नगर पंचायत और गांव पंचायत चुनाव एक साथ संपन्न कराएं जाएं। इससे पांच वर्ष में सिर्फ दो बार चुनाव होंगे, परिणामस्वरूप जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा और बहुमूल्य समय व्यर्थ नहीं होगा। इस संबंध में देश के प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अध्यक्षता में ‘एक देश, एक चुनाव’ के लिए एक कमेटी का गठन किया और उस कमेटी ने अपनी रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंप दी है। यदि एक देश, एक चुनाव लागू होगा तो भारत और भी मजबूत बनेगा। लोगों की आशा और उमंग देखकर यह लगता है कि देश की जनता का भी ‘एक देश, एक चुनाव’ के लिए पूर्ण समन्वय और समर्थन प्राप्त होगा। उन्होने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस आदतन इसका विरोध कर रही है क्योंकि विरोध करना कांग्रेस के स्वभाव में है।

श्री सिंह ने कहा कि देश के सैनिकों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक की और आतंकवादियों का सफाया कर दिया लेकिन कांग्रेस नेता देश के सैनिकों के शौर्य और पराक्रम पर भी प्रश्नचिह्न लगाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 24 घंटे देश को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करते हैं और उनका मानना है कि हम रहे न रहे, यह देश रहना चाहिए। भाजपा शासन में एनपीए 11 प्रतिशत से घटकर तीन प्रतिशत पर आ गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लेकर आई है। उन्होंने जनता से सभी भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने की अपील करते हुए समूचे देश में कमल खिलाने का आह्वान किया।

Next Post

कलेक्टर ने किया तरण पुष्कर का निरीक्षण

Sun Apr 7 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email ग्वालियर। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आज रविवार को नगर निगम के स्विमिंग पूल तरण पुष्कर का निरीक्षण किया तथा तरुण पुष्कर की व्यवस्थाओं को देखा एवं अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान […]

You May Like