मास्को, 27 नवंबर (स्पुतनिक/वार्ता) यूरोपीय मामलों के लिए फ्रांस के प्रतिनिधि मंत्री बेंजामिन हदाद ने कहा कि अगर मरीन ले पेन राष्ट्रपति बनती हैं तो फ्रांस यूरोपीय संघ से बाहर निकल सकता है। यह जानकारी फाइनेंशियल टाइम्स ने शुक्रवार को श्री हदाद के हवाले से दी।
श्री हदाद ने तर्क दिया कि दक्षिणपंथी ‘नेशनल रैली’ पार्टी, जिसके संसदीय समूह का नेतृत्व मरीन ले पेन करती हैं, फ्रांस को फ्रेक्सिट की ओर ले जा सकती है।
उनकी राय में ‘नेशनल रैली’ की सरकार का ब्रुसेल्स के साथ टकराव होना तय है और शुरुआती बड़े विवाद संभवतः ईयू के बजट तथा यूक्रेन को दी जाने वाली वित्तीय सहायता को लेकर होंगे।
फ्रांस में राष्ट्रपति चुनाव 18 अप्रैल, 2027 को होना निर्धारित है और ज़रूरत पड़ने पर इसका दूसरा दौर दो मई को होगा।
फ्रांसीसी मीडिया संस्थानों के लिए किए गए टोलुना-हैरिस इंटरैक्टिव के एक सर्वेक्षण के अनुसार इस रेस में सुश्री ले पेन काफी आगे चल रही हैं और उन्हें लगभग 31 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है।
उनकी मुख्य संभावित प्रतिद्वंद्वी जीन-ल्यूक मेलेंचोन हैं जो वामपंथी पार्टी ‘फ्रांस अनबाउड’ पार्टी के नेता हैं।
