जन-विश्वास शिविर में मंत्री नागर सिंह चौहान बोले—योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

आलीराजपुर, चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र के ग्राम झिरण में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर का मुख्य उद्देश्य है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी, समस्याओं के निराकरण और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की सुविधा मिल रही है।

मंत्री चौहान ने क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रशेखर आजाद नगर के ग्रामीण क्षेत्रों में 64 नवीन सड़कों के निर्माण का भूमि पूजन किया गया है। जल्द ही इनका निर्माण शुरू होगा। उन्होंने कहा कि सड़कों के बनने से दूरस्थ फलियों और गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से बेहतर होगा। इससे किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापार एवं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

80 हजार नए आवास बनाने की तैयारी

प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए मंत्री चौहान ने बताया कि जिले में अब तक एक लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया जा चुका है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत 80 हजार नए आवासों का निर्माण किया जाएगा। इससे पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण और युवाओं के स्वरोजगार पर जोर

मंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं एवं बेटियों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को ऋण एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से महंगी गाड़ियों और मोबाइल पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय पशुपालन, मुर्गी पालन सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

आयुष्मान योजना के संबंध में उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने ग्रामीणों से आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ लेने की अपील की।

सांसद ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

इस अवसर पर सांसद अनिता नागर सिंह चौहान ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वस्थ परिवार और बेहतर समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।

शिविर में मिले 392 आवेदन

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 392 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें स्वास्थ्य विभाग के सर्वाधिक 277, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 51, उद्यानिकी विभाग के 9, विद्युत विभाग के 9, महिला एवं बाल विकास विभाग के 6, लोक निर्माण विभाग के 6, राजस्व विभाग के 3, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के 3, शिक्षा विभाग के 2, प्रधानमंत्री सड़क विकास के 2, सिंचाई विभाग के 2, पुलिस विभाग का 1 तथा सहकारिता एवं अन्य संबंधित विभागों के आवेदन शामिल रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देते हुए प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक समर वर्मा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर सोहन कनास, अनुविभागीय अधिकारी दीपिका पाटीदार, जनप्रतिनिधि माधव सिंह डावर, कमरू अजनार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Next Post

एबी. रोड बायपास पर निर्माण पर हाईकोर्ट का 'ब्रेक': 105 से 150 मीटर के दायरे में अब कोई अनुमति नहीं

Fri Nov 27 , 2026
इंदौर. इंदौर के ए.बी. रोड बायपास (राष्ट्रीय राजमार्ग-52, पूर्व क्रमांक-3) के किनारे निर्माण कार्यों को लेकर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने शुक्रवार को एक बेहद महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश पारित किया। न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर और न्यायमूर्ति पवन कुमार द्विवेदी की युगलपीठ ने बायपास के नियंत्रण क्षेत्र (कंट्रोल जोन) को […]

You May Like

मनोरंजन