वाशिंगटन, (वार्ता) अमेरिकी न्याय विभाग के नागरिक अधिकार प्रभाग की प्रमुख और सहायक अटॉर्नी जनरल हरमीत ढिल्लों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
सुश्री ढिल्लों ने फॉक्स न्यूज डिजिटल को दिए एक विशेष साक्षात्कार में स्पष्ट किया कि उन्होंने अपना इस्तीफा मध्यावधि चुनावों से तीन सप्ताह पहले ही तैयार कर लिया था। उन्होंने औपचारिक रूप से गुरूवार को अपना त्यागपत्र सौंपा।
उन्होंने बताया कि व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूजी वाइल्स ने उनसे चुनाव होने तक अपने इस्तीफे की घोषणा को टालने का अनुरोध किया था। सुश्री ढिल्लों ने कहा, “मुझसे इस्तीफा मांगा नहीं गया था। मैंने तीन हफ्ते पहले ही इस्तीफा दे दिया था, लेकिन सूजी वाइल्स ने मुझसे मिडटर्म चुनाव खत्म होने तक रुकने का आग्रह किया था।”
अपने फैसले का कारण बताते हुए ढिल्लों ने कहा कि उन्होंने वाशिंगटन आने के बाद अपने तय सभी लक्ष्यों को पूरा कर लिया है और अब वे वापस अपने वकालत के पेशे में लौटना चाहती हैं।
उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ में जन्मी भारतीय-अमेरिकी वकील हरमीत ढिल्लों ने ट्रंप प्रशासन के तहत नागरिक अधिकार प्रभाग के प्रमुख के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
