बाजारों की सुरक्षा पर पुलिस सख्त,व्यापारियों से सीधा संवाद

सिंगरौली । शहर के बाजारों में व्यापारियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सिंगरौली पुलिस ने पहल तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी समस्याओं और बाजारों की अव्यवस्थाओं पर चर्चा की। सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने से लेकर अतिक्रमण हटाने, यातायात सुधारने और अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधीक्षक षियाज केएम के निर्देशन एवं एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में रूस्तम जी कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक में सीएसपी विन्ध्यनगर हेमंत कुमार सिंह ने व्यापारी प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा बाजारों की सुरक्षा और सुचारु संचालन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में शराब दुकानों को निर्धारित समय के अनुसार रात 11:30 बजे तक बंद कराने और नियमों का उल्लंघन होने पर कार्रवाई करने का मुद्दा भी उठाया गया। शहर में समूहों में आने वाले व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने पर चर्चा हुई। बैठक में थाना प्रभारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

मंडियों और बस स्टैंड की अव्यवस्थाओं को दूर करने पर जोर

बैठक में प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कंट्रोल रूम की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कैमरे स्थापित करने की आवश्यकता भी सामने आई। साथ ही बाजारों में जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा खराब ट्रैफिक सिग्नलों की मरम्मत कराने पर चर्चा हुई। गल्ला मंडी और सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुचारु बनाने के साथ बस स्टैंड क्षेत्र की यातायात, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी समस्याओं के निराकरण पर भी जोर दिया गया। इन कार्यों के लिए ननि और विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने, सीसीटीवी कैमरों के लिए बिजली की व्यवस्था करने और बाजारों में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने की जरूरत बताई गई।

Next Post

प्रतिबंधित मार्ग से राखड़ परिवहन पर यातायात पुलिस की कार्रवाई

Sun Oct 25 , 2026
सिंगरौली, प्रतिबंधित मार्गों से फ्लाई ऐश (राखड़) का परिवहन करने वाले भारी वाहनों के विरुद्ध यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। 25 अक्टूबर की रात चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 10 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 50 हजार […]

You May Like