ग्वालियर: शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने शनिवार को सिटी सेंटर के कुंदन नगर क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां सड़क की ओर बनाए गए 53 मकानों के रैंप हटाए गए। निगम अधिकारियों के अनुसार, इन रैंप के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा था।निगमायुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देशन में क्षेत्र क्रमांक 14 के वार्ड 29 में यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी अभय प्रताप सिंह तोमर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सड़क पर बाधा बन रहे रैंप हटाए। इस दौरान मदाखलत अधिकारी शैलेन्द्र सिंह चौहान, मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सहित निगम का अमला मौजूद रहा।
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने शहरवासियों से सार्वजनिक मार्गों पर कब्जा नहीं करने और यातायात व्यवस्था सुगम बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
