इंदौर:हुकमचंद मिल क्षेत्र में साईं मंदिर के पास क्राइम ब्रांच ने एक ऑटो रिक्शा से 20 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. जब्त ड्रग्स की कीमत करीब दो लाख रुपए बताई है. आरोपी ऑटो के टूलबॉक्स में ड्रग्स छिपाकर रखे हुए थे. तस्करी में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त किया है.क्राइम ब्रांच की टीम 23 अक्टूबर को हुकमचंद मिल क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी. इसी दौरान साईं मंदिर के पास एक ऑटो में तीन युवक संदिग्ध हालत में बैठे मिले. पुलिस को देखकर वे घबराने लगे। टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया. ऑटो की तलाशी लेने पर टूलबॉक्स के अंदर से 20 ग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) मिली.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारु खान उम्र 24 साल, आदिल खान उम्र 25 साल और अमन उम्र 26 साल के रूप में हुई है. नारु आजाद नगर, आदिल इंद्रा चौक, आजाद नगर और अमन कनाडिया क्षेत्र का रहने वाला है. आदिल और नारु के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं. आदिल पर आर्म्स एक्ट का केस भी दर्ज है. तीनों के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है. पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत और सप्लायर नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है. डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी का कहना है कि नशा तस्करी में शामिल लोगों और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी
