इंदौर. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी इंदौर के आईआईटीआई दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन के लॉन्चपैड नवाचार एवं उद्यम संवर्धन केंद्र में पहले समूह के पांच नव उद्यमों का चयन किया गया है. इंदौर के सिंहासा आईटी पार्क स्थित इस केंद्र को मध्य प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम और प्रदेश शासन के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का सहयोग प्राप्त है. पहले समूह के लिए मिले 104 आवेदनों में से चयन प्रक्रिया के बाद पांच उद्यमों को चुना गया.
चयनित उद्यमों में गोअर्बानो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड चिकित्सा एवं तकनीकी प्रशिक्षण के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आभासी वास्तविकता आधारित प्रशिक्षण प्रणाली विकसित कर रहा है. रिमोट फिजियोस तकनीक आधारित दूरस्थ फिजियोथेरेपी और पुनर्वास सेवाओं पर काम कर रहा है. प्रज्ञानिक एआई प्राइवेट लिमिटेड कृषि कार्यों के स्वचालन, फ्यू गुड ह्यूमन्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड परिचारक आधारित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और रेजेस इंडिया रिवोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड रक्षा एवं निगरानी के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्वायत्त ड्रोन विकसित कर रहा है.
लॉन्चपैड के माध्यम से चयनित उद्यमों को तकनीकी विकास, विशेषज्ञ मार्गदर्शन, उद्योग जगत से संपर्क और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी. आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रो. सुहास जोशी ने संस्थापकों से संवाद कर स्वदेशी तकनीक विकसित करने और देश की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर ध्यान देने की बात कही. फाउंडेशन की ओर से दूसरे समूह के लिए जल्द आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। पात्रता और आवेदन की अंतिम तिथि की जानकारी बाद में जारी की जाएगी.
