सना, 22 अक्टूबर (वार्ता) यमन के हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने लाल सागर में बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास जुकर द्वीप के निकट 14 भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक भारतीय नौका को निशाना बनाया है।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि हूती सैनिक भारतीय नागरिकों को बचा रहे हैं और इस संबंध में बाद में विस्तृत जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा, “सऊदी अरब की यह गैर-जिम्मेदाराना कार्रवाई लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय नौवहन के लिए खतरा है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सऊदी को ऐसी गैर-जिम्मेदाराना कार्रवाइयों से रोकना चाहिए।”
इस बीच, यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने पिछले 48 घंटों के दौरान सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय, रियाद, सऊदी अरामको की यानबू स्थित सुविधाओं, अबहा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर हमले किए।
सऊदी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में दो लोगों की मौत हुई है।
