देर से ड्यूटी पर पहुंचे तो कटेगा वेतन, गंदगी पर लगेगा जुर्माना

ग्वालियर,  नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने जोन-12 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की उपस्थिति जांची। ड्यूटी में लापरवाही और निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने तथा गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए।

राव ने नया बाजार चौराहे पर वार्ड-45 में हाजिरी रजिस्टर की जांच की। कर्मचारियों के देरी से पहुंचने पर संबंधित डब्ल्यूएचओ और जेडएचओ को समझाइश दी तथा जिम्मेदार कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। निर्धारित बीट पर कर्मचारी नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई।

हॉस्पिटल रोड स्थित एप्पल हॉस्पिटल के सामने मेडिकल वेस्ट और कचरे से गंदगी मिलने पर उन्होंने तत्काल भारी जुर्माना लगाने और चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जोन-12 कार्यालय में हाजिरी रजिस्टर जांचने के दौरान अपर आयुक्त ने लाइनमैनों को समय पर फील्ड में पहुंचकर जिम्मेदारी निभाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुबह 10 बजे तक ड्यूटी पर नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज कर हाजिरी काटी जाए। साथ ही सभी कर्मचारियों को निर्धारित बीट में मौजूद रहकर शहर की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पार्षद अंकित कट्ठल, कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी जगदीश चित्तौड़िया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

शहर में 14 निरीक्षकों के तबादले, कई थाना प्रभारियों की बदली जिम्मेदारी

Thu Oct 22 , 2026
इंदौर. पुलिस विभाग में गुरुवार को 14 निरीक्षकों की अस्थायी तौर पर नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं. इस फेरबदल में कई थानों के प्रभारियों को दूसरे थानों में भेजा है, जबकि कुछ निरीक्षकों को अपराध शाखा और पुलिस आयुक्त कार्यालय में नई जिम्मेदारी दी गई है. आदेश पुलिस […]

You May Like