
जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने एमएलबी स्कूल के समीप स्थित शासकीय केंद्रीय ग्रंथालय का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रंथालय में उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रंथालय को स्मार्ट बनाने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं को विकसित करने के संबंध में भी चर्चा की। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी गौतम वर्बे तथा ग्रन्थालय के अधिकारी उपस्थित थे।
सफाई व्यवस्था और अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों का किया निरीक्षण
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के साथ शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने तीन पत्ती से रानीताल जीटीएस तक सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के साथ कठौंदा स्थित स्वच्छता पार्क, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट, निर्माण तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया।
कलेक्टर विश्वकर्मा ने इन संयंत्रों में कचरे के संग्रहण, प्रसंस्करण एवं वैज्ञानिक निस्तारण, अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन और सीवेज उपचार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
