
छिंदवाड़ा. अमरवाड़ा नगर के गंज बाजार निवासी एक युवक का शव शनिवार देर रात पिपरिया राजगुरु के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंकित सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया, वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात पिपरिया राजगुरु के पास युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस की जांच जारी है।
