
सीधी। जिले में बहरी थाना के ग्राम पंचायत पैगमा अंतर्गत मटिहानी में रविवार दोपहर छुही खोदते समय खदान धसक जाने से दो महिलाएं मलबे में दबकर घायल हो गईं। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई गई है। घायलों में फूलकली सिंह पति शोभा सिंह उम्र 50 वर्ष और उमावती सिंह पति रघुनंदन सिंह उम्र 35 वर्ष शामिल है। जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं सुबह छूई खोदने के लिए खदान गई थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और मलबा उनके ऊपर गिर पड़ा, जिससे दोनों दब गईं। घायल उमावती ने बताया कि खदान धंसने से दोनों महिलाएं मलबे में दब गई थीं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस को सूचना देकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। रिपोर्ट के अनुसार फूलकली सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इनका कहना है-
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। दोनों महिलाओं को खदान से बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजेश पाण्डेय, थाना प्रभारी बहरी
